एटा। कोतवाली नगर परिसर के भीतर एक युवती द्वारा इंस्टाग्राम रील बनाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। वायरल वीडियो में युवती पुलिस परिसर के अलग-अलग स्थानों पर फिल्मी अंदाज और एटीट्यूड डायलॉग के साथ रील बनाती नजर आ रही है, जिसे सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, यह वीडियो “प्रीति यादव” नाम की इंस्टाग्राम आईडी से पोस्ट किया गया बताया जा रहा है। हालांकि, वीडियो कब रिकॉर्ड किया गया और इसकी परिस्थितियां क्या थीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।
वीडियो वायरल होने के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि पुलिस परिसर जैसे संवेदनशील स्थान पर रील बनाने की अनुमति किसने दी। यदि वीडियो हाल का है तो ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में यह शूटिंग कैसे हुई और सुरक्षा व्यवस्था के बीच किसी बाहरी व्यक्ति को इस तरह वीडियो बनाने की अनुमति कैसे मिली।
सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद लोगों के बीच इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कई लोगों का कहना है कि पुलिस परिसर में इस प्रकार की रीलबाजी अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। वहीं, अब सभी की निगाहें पुलिस प्रशासन पर हैं कि वह वायरल वीडियो की जांच कर तथ्यों की पुष्टि करता है या नहीं, और यदि कोई नियमों का उल्लंघन हुआ है तो क्या कार्रवाई की जाती है।
फिलहाल, वायरल वीडियो जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है और पुलिस प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।
Leave a Reply