
एटा। जनपद में रिश्तों को शर्मसार करने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। सेना में लांस नायक के पद पर तैनात एक फौजी ने अपनी पत्नी को कैंटीन से सामान खरीदने के बहाने घर से बुलाया और कथित तौर पर अपने दोस्त के साथ मिलकर कार में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को आगरा रोड स्थित हजारा नहर में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी फौजी को पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी स्थित उसकी यूनिट से गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने अवैध संबंधों के शक में पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार की है। फिलहाल पुलिस शव की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई को 33 वर्षीय सोनी यादव को उसका पति रमाकांत, जो सेना में लांस नायक है, कैंटीन से सामान खरीदने का बहाना बनाकर घर से ले गया था। आरोप है कि रास्ते में उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर कार में सोनी का गला दबाकर हत्या कर दी और शव को हजारा नहर में फेंक दिया। हत्या के बाद आरोपी वापस अपनी यूनिट में जाकर ड्यूटी पर शामिल हो गया।
बहन के फोन से खुला मामला
घटना का खुलासा तब हुआ जब 6 जुलाई को सोनी की छोटी बहन रागिनी ने उसे फोन किया। फोन बच्चों ने उठाया और बताया कि उनकी मां बाहर गई हैं। इसके बाद बहन ने कई बार रमाकांत से बात कर सोनी से बात कराने को कहा, लेकिन वह लगातार टालता रहा। रात में उसका फोन स्विच ऑफ हो गया। अगले दिन भी सोनी के घर न लौटने पर मायके पक्ष को संदेह हुआ और उन्होंने कोतवाली नगर पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई।
मां की तहरीर पर हत्या का मुकदमा
मृतका की मां सरोज देवी, निवासी मीठेपुर थाना करहल (जनपद मैनपुरी) की तहरीर पर 11 जुलाई को आरोपी पति रमाकांत, उसके चचेरे भाई, दोस्तों अजय, विजय, गौरव तथा एक अज्ञात महिला के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि जनवरी 2015 में सोनी की शादी रमाकांत से हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। मां का आरोप है कि रमाकांत के किसी अन्य महिला से संबंध थे, जिसको लेकर वह अक्सर सोनी के साथ मारपीट करता था। उन्होंने आरोप लगाया कि रमाकांत ने अपने साथियों के साथ मिलकर सोनी की हत्या कर शव ठिकाने लगा दिया।

पश्चिम बंगाल से गिरफ्तारी, शव की तलाश जारी
कोतवाली नगर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर आरोपी रमाकांत को पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने हत्या कर शव को नहर में फेंकने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश और महिला के शव की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस का बयान
थाना प्रभारी धर्मेंद्र पवार ने बताया कि 6 जुलाई को गुमशुदगी दर्ज होने के बाद जांच शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अवैध संबंधों के शक में पत्नी की हत्या करने की बात कबूल की है। शव की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार अभियान चला रही हैं।
Leave a Reply