दुकान बंद कराने को लेकर हुआ विवाद, डंडों से पीटने का पीड़ित ने लगाया आरोप
एटा। अलीगंज कस्बा के लुहारी दरवाजा मोहल्ले में किराना दुकानदार और उसके परिजनों के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा कथित मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया। पीड़ित परिवार ने एटा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जी से लिखित शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। मामले का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
दुकान बंद कराने को लेकर शुरू हुआ विवाद
पीड़िता सलमा बेगम पत्नी अलीम निवासी लुहारी दरवाजा के अनुसार घटना मंगलवार रात करीब साढ़े 10 बजे की है। घर में देवर की सगाई का कार्यक्रम था, जिसके चलते किराने की दुकान खुली रह गई थी। आरोप है कि इसी दौरान कोबरा बाइक पर तैनात आरक्षी संदीप और अन्य पुलिसकर्मी दुकान बंद कराने के लिए पहुंचे। कुछ देर बाद दोबारा आने पर कहासुनी और अभद्रता होने लगी।
पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद पुलिसकर्मियों ने अलीम और उसके दोनों भाइयों के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची महिला के साथ भी अभद्रता और मारपीट किए जाने का आरोप है। पीड़ित परिवार का कहना है कि एक नाबालिग किशोरी के साथ भी मारपीट की गई।
सात पुलिसकर्मियों के आने और डंडों से पीटने का आरोप
सलमा बेगम के अनुसार आरक्षी संदीप ने फोन कर अन्य पुलिसकर्मियों को बुला लिया। इसके बाद करीब सात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और हाथों में डंडे लेकर परिवार के लोगों के साथ मारपीट की। पीड़ित परिवार ने अलीम, छोटे मियां, बाहर मियां और भतीजे अनस के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। घटना का वीडियो अब सामने आने के बाद मामला पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा।
एसएसपी ने पांच पुलिसकर्मियों को किया निलंबित
क्षेत्राधिकारी अलीगंज राजेश सिंह ने बताया कि 22 सितंबर की रात कोबरा मोबाइल पर आरक्षी संदीप की ड्यूटी थी। दुकान बंद कराने को लेकर दुकानदार से कहासुनी हुई। इसके बाद आरक्षी ने अपने साथी पुलिसकर्मियों विनीत मावी, मोहित तालान, अनमोल और दिवाकर सिंह को मौके पर बुलाया। सीओ के अनुसार सार्वजनिक स्थान पर दुकानदार के साथ मारपीट किए जाने का वीडियो सामने आया है।
वीडियो का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जी ने मामले को गंभीरता से लिया और पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। साथ ही मामले की विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply