14 दिन बाद पुलिस ने किया लूटकांड का खुलासा, दो तमंचे, कारतूस, लूटा हुआ झुमका, चैन, मोबाइल और 15,700 रुपये बरामद

एटा। थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में काली नदी पुल के पास करीब 14 दिन पूर्व महिला से कान का झुमका लूटने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। थाना कोतवाली देहात पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने दो शातिर अंतर्जनपदीय लुटेरों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से लूटा गया कान का झुमका, दो अवैध तमंचे, तीन जिंदा कारतूस, एक अन्य लूटी गई चैन, मोबाइल फोन, 15,700 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार 26 जुलाई 2026 की शाम काली नदी पुल के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार लोगों ने एक बाइक सवार महिला और पुरुष को टक्कर मारकर गिरा दिया था। इसके बाद बदमाश महिला के कान से एक झुमका लूटकर अमापुर की ओर फरार हो गए थे। घटना के संबंध में थाना कोतवाली देहात में मुकदमा संख्या 356/2026 धारा 309(4) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी।

घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन ने पुलिस टीमों को शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए थे। अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय एवं अपर पुलिस अधीक्षक योगेंद्र सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर कीर्तिका सिंह के नेतृत्व में कोतवाली देहात पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने जांच शुरू की।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोहित पुत्र राजेंद्र प्रसाद, उम्र करीब 23 वर्ष और सचिन पुत्र मुकेश कुमार, उम्र करीब 19 वर्ष, निवासी ग्राम नवाबगंज नगरिया, थाना सिकंदरपुर वैश्य, जनपद कासगंज को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में कई वारदातों का खुलासा

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने एटा के अलावा कई अन्य जनपदों में लूट और छिनैती की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस का कहना है कि घटना के बाद दोनों ने थाना मिरहची क्षेत्र में दुकान बंद कर साइकिल से घर जा रहे एक युवक-युवती से थैला लूटने का प्रयास भी किया था, लेकिन इसमें सफल नहीं हो सके।

जांच में आरोपियों के तार कासगंज के थाना अमापुर, फर्रुखाबाद के थाना कम्पिल, बरेली के थाना फतेहगंज पूर्वी और शाहजहांपुर के थाना जैतीपुर क्षेत्र में हुई घटनाओं से भी जुड़े मिले हैं। पुलिस ने इन घटनाओं से संबंधित माल और नकदी भी बरामद होने की बात कही है।

यह सामान हुआ बरामद

  • काली नदी पुल की घटना से संबंधित एक कान का झुमका
  • दो देशी तमंचे 315 बोर
  • तीन जिंदा कारतूस 315 बोर
  • बिना नंबर प्लेट की काले रंग की एक्सट्रीम मोटरसाइकिल
  • अन्य घटना से संबंधित एक पीली धातु की चैन
  • रेडमी कंपनी का ग्रे रंग का मोबाइल फोन
  • 15,700 रुपये नकद

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी करते हुए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ एटा, कासगंज, फर्रुखाबाद, बरेली और शाहजहांपुर जनपदों में लूट, छिनैती और मारपीट से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं।

इनकी रही अहम भूमिका

गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कृष्ण कान्त लोधी मय पुलिस टीम, उपनिरीक्षक एसके निगम प्रभारी स्वाट मय टीम, उपनिरीक्षक सुशील लाम्बा प्रभारी सर्विलांस मय टीम तथा उपनिरीक्षक अफसर खान चौकी इंचार्ज मरथरा शामिल रहे।