
प्रशासन ने शांति, सौहार्द और आपसी समन्वय से पर्व मनाने की अपील, अफवाहों से सतर्क रहने के दिए निर्देश
एटा। आगामी कांवड़ यात्रा-2026, रक्षाबंधन, स्वतंत्रता दिवस एवं बारह वफात को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी अरविंद सिंह के निर्देश पर आयोजित बैठक की संयुक्त अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संगम लाल एवं अपर पुलिस अधीक्षक योगेंद्र सिंह ने की।
बैठक में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, पीस कमेटी के सदस्यों के साथ-साथ सभी उप जिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान आगामी पर्वों के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर सुझाव भी साझा किए गए।
अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा, रक्षाबंधन, स्वतंत्रता दिवस और बारह वफात जैसे पर्व जनपद की गंगा-जमुनी तहजीब, सामाजिक समरसता और भाईचारे के प्रतीक हैं। इन्हें आपसी प्रेम, सम्मान और सहयोग की भावना के साथ मनाया जाना चाहिए। प्रशासन और पुलिस सभी आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार हैं तथा सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में कांवड़ यात्रा मार्गों पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा पुलिस द्वारा लगातार गश्त और प्रभावी मॉनिटरिंग की जाएगी।
प्रशासन ने धर्मगुरुओं और समाज के जिम्मेदार लोगों से शांति एवं सद्भाव बनाए रखने में सहयोग की अपील की। साथ ही कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें और सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री साझा करने से बचें। यदि कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि या विवाद की स्थिति उत्पन्न होती है तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र, सभी उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, पुलिस अधिकारी, जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए संभ्रांत नागरिक, धर्मगुरु एवं पीस कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply