कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता, कम्पिल रोड समेत प्रमुख मार्गों का किया निरीक्षण
अलीगंज (एटा)। आगामी श्रावण कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से विकासखंड प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में शनिवार को खंड विकास अधिकारी शिव शंकर शर्मा अपनी टीम के साथ कांवड़ यात्रा मार्गों का स्थलीय निरीक्षण करने पहुंचे और तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने कम्पिल रोड सहित अन्य प्रमुख कांवड़ मार्गों का भ्रमण किया। उन्होंने देखा कि कई स्थानों पर सड़क किनारे झाड़ियां काफी बढ़ गई हैं, जिससे मार्ग संकरा दिखाई दे रहा था और कांवड़ियों के साथ-साथ अन्य राहगीरों के लिए भी दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। इस पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को मौके पर ही झाड़ियों की तत्काल कटाई कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों की मौजूदगी में कई स्थानों पर सफाई और झाड़ियों की कटाई का कार्य भी शुरू कराया गया।
बीडीओ शिव शंकर शर्मा ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। यात्रा मार्गों की साफ-सफाई, सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जा रही हैं। उन्होंने संबंधित विभागों के कर्मचारियों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर कहीं भी अवरोध, गंदगी या जलभराव की स्थिति न रहने पाए और सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किए जाएं।
विकासखंड प्रशासन की इस कार्रवाई से कांवड़ यात्रा मार्गों को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की दिशा में तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रद्धालु बिना किसी बाधा के अपनी यात्रा पूरी कर सकें।

Leave a Reply