एटा। सावन माह में चल रही कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए थाना क्षेत्र के मुख्य कांवड़ मार्ग पर पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किया गया है, जहां कांवड़ यात्रियों के लिए फल, पेयजल और प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।

पुलिस सहायता केंद्र पर कांवड़ियों को किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति से निपटने के लिए नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मियों की भी तैनाती की गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल उपचार मिल सके।

प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मुख्य मार्गों पर आवश्यक स्थानों पर बैरियर लगाए गए हैं तथा पुलिसकर्मी लगातार पैदल और वाहन से गश्त कर रहे हैं। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, जिससे यात्रा के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न होने पाए।

उन्होंने बताया कि पुलिस सहायता केंद्र पर तैनात पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन देने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखने में जुटे हुए हैं। स्थानीय प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बनाकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

सावन के प्रथम सोमवार के अवसर पर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। हालांकि अन्य वर्षों की तुलना में इस बार प्रथम सोमवार पर कांवड़ यात्रियों की संख्या अपेक्षाकृत कम दिखाई दी, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती गई। पुलिस प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा समाप्त होने तक सुरक्षा व्यवस्था इसी तरह प्रभावी रूप से जारी रहेगी।