
एटा। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में बुधवार को क्षेत्राधिकारी सकीट नीतीश गर्ग ने थाना रिजोर क्षेत्र के कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीओ ने कांवड़ियों की सुविधा के लिए बनाए गए यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, पुलिस सहायता केंद्र सहित अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा मार्ग पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पूरी तरह सुचारु रखी जाए।
इसके बाद क्षेत्राधिकारी सकीट ने थाना रिजोर पुलिस और भारी पुलिस बल के साथ क्षेत्र में फ्लैग मार्च एवं पैदल गश्त की। इस दौरान आमजन से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई तथा पुलिस कर्मियों को संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए जनपद में लगातार निगरानी रखी जा रही है। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

Leave a Reply