एटा। आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को थाना राजा का रामपुर परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने की। इसमें क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, यातायात प्रबंधन तथा आपसी समन्वय सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा धार्मिक आयोजन है। ऐसे में यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराना प्रशासन और समाज दोनों की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन यात्रा के दौरान हर गतिविधि पर नजर रखेगा, लेकिन जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के सहयोग के बिना व्यवस्थाओं को पूरी तरह प्रभावी बनाना संभव नहीं है।

उन्होंने सभी ग्राम प्रधानों से अपने-अपने गांवों और कांवड़ मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कराने को कहा। विशेष रूप से मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, नियमित साफ-सफाई, पेयजल की व्यवस्था तथा रास्ते में आने वाली किसी भी प्रकार की बाधा को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही यह भी कहा गया कि यदि कहीं बिजली के ढीले तार, जलभराव, गड्ढे या अन्य कोई समस्या हो तो संबंधित विभाग को तत्काल अवगत कराते हुए उसका समाधान कराया जाए।

बैठक में कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। थाना प्रभारी ने कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, शरारती तत्वों की गतिविधि या विवाद की सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस को सूचित करें। उन्होंने सभी से सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा न करने और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील भी की।

यातायात व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कांवड़ मार्गों पर अनावश्यक अतिक्रमण न होने, वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित रखने तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस और स्थानीय प्रशासन के बीच समन्वय बनाकर कार्य करने पर सहमति बनी।

बैठक के अंत में प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने सभी ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों से कांवड़ यात्रा के दौरान प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक संपन्न होगी।

बैठक में भाजपा नेता अर्जुन सिंह राठौर, उदय प्रताप सिंह राठौर, अमर पाल सहित क्षेत्र के अनेक ग्राम प्रधान, संभ्रांत नागरिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।