एटा। श्रावण मास में संचालित कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक एटा श्वेताभ पाण्डेय ने थाना अलीगंज क्षेत्र के कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एएसपी ने कांवड़ यात्रियों के आने-जाने वाले मार्गों, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम तथा सुगम यातायात व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा कांवड़ मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने अधिकारियों को यातायात व्यवस्था का प्रभावी संचालन, निरंतर पेट्रोलिंग, संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहे, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।