
मारहरा/एटा। सावन माह में चल रही कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा इंतजाम तेज कर दिए हैं। इसी क्रम में कस्बा क्षेत्र के प्रमुख कांवड़ मार्ग मारहरा-कचौरा मार्ग पर विद्युत पोलों को काली पॉलीथिन से कवर किया गया है।
मंगलवार को विद्युत विभाग और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से मार्ग पर लगे लगभग सभी विद्युत पोलों पर काली पॉलीथिन बांधी गई। अधिकारियों का कहना है कि बारिश के मौसम में विद्युत पोलों में करंट उतरने की संभावना बनी रहती है, जिससे कांवड़ यात्रियों को खतरा हो सकता है। इसी को देखते हुए एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया गया है।
मारहरा-कचौरा मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में शिवभक्त गंगाजल लेकर गुजरते हैं। सावन के दौरान कांवड़ियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों और कांवड़ यात्रियों ने प्रशासन के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि विद्युत पोलों को कवर किए जाने से यात्रा के दौरान हादसों की आशंका कम होगी और श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण मिलेगा।

Leave a Reply