एटा। श्रावण मास में चल रही कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को क्षेत्राधिकारी सकीट नीतीश गर्ग ने थाना मलावन एवं थाना सकीट क्षेत्र के कांवड़ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सीओ सकीट ने कांवड़ियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यातायात व्यवस्था, रूट डायवर्जन, संवेदनशील स्थलों पर पुलिस तैनाती, बैरिकेडिंग, चेतावनी एवं सांकेतिक सूचना बोर्डों सहित विभिन्न सुरक्षा प्रबंधों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस सहायता केंद्रों, मेडिकल बूथों तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगाए गए शिविरों एवं भंडारों की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए सीओ नीतीश गर्ग ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान पूरी सतर्कता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करें। श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखें, यातायात व्यवस्था को सुचारु रखें तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें। उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने और सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

जनपदीय पुलिस द्वारा कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं। पुलिस लगातार कांवड़ मार्गों पर निगरानी बनाए हुए है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।