एटा। श्रावण मास में चल रही कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारु और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को अपर पुलिस अधीक्षक एटा श्वेताभ पाण्डेय ने थाना सकरौली क्षेत्र के कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना प्रभारी सकरौली एवं अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ यात्रा मार्ग का भ्रमण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एएसपी ने कांवड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था, रूट डायवर्जन, संवेदनशील स्थानों पर पुलिस तैनाती, बैरिकेडिंग, चेतावनी एवं सांकेतिक सूचना बोर्डों सहित विभिन्न सुरक्षा इंतजामों का गहन निरीक्षण किया। इसके अलावा पुलिस सहायता केंद्रों, मेडिकल बूथों तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगाए गए शिविरों और भंडारों की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया।

अपर पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे पूरी सतर्कता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने, यातायात को निर्बाध रूप से संचालित करने, किसी भी आकस्मिक स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी अधिकारी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।

जनपदीय पुलिस प्रशासन ने बताया कि कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं। पुलिस लगातार कांवड़ मार्गों की निगरानी कर रही है और श्रद्धालुओं को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।