श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता, ढाबों, पेट्रोल पंपों, व्यापारियों और विभागों को दिए गए आवश्यक निर्देश
अलीगंज। आगामी श्रावण कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को कोतवाली अलीगंज परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम जगमोहन गुप्ता ने की। बैठक में क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक रुपेश वर्मा, नगर पालिका के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, व्यापारी संगठन के पदाधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में प्रशासन ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप कांवड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और यात्रा मार्ग पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं।
ढाबों और होटलों पर नाम, रेट लिस्ट व स्वच्छता होगी अनिवार्य
एसडीएम ने यात्रा मार्ग पर स्थित सभी ढाबा एवं होटल संचालकों को प्रतिष्ठान का नाम और खाद्य पदार्थों की रेट लिस्ट प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के साथ साफ-सफाई बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। कांवड़ यात्रा के दौरान नॉनवेज खाद्य पदार्थों की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
पेट्रोल पंपों पर पेयजल, शौचालय और सही क्यूआर कोड की व्यवस्था
पेट्रोल पंप संचालकों को पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय और पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही व्यापारियों से कहा गया कि डिजिटल भुगतान के लिए केवल प्रतिष्ठान स्वामी के नाम का ही क्यूआर कोड लगाया जाए, ताकि भुगतान संबंधी किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
सीसीटीवी, सफाई और निगरानी पर रहेगा विशेष फोकस
नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को नगर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों को पूर्ण रूप से कार्यशील रखने, प्रमुख मंदिरों एवं कांवड़ यात्रा मार्गों की विशेष साफ-सफाई कराने तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कराने के निर्देश दिए गए।
मीट की दुकानें रहेंगी बंद, शराब के बोर्ड ढके जाएंगे
बैठक में निर्णय लिया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान मीट की सभी दुकानें बंद रहेंगी। वहीं शराब की दुकानों पर लगे ‘शराब’ और ‘मदिरा’ संबंधी बोर्ड एवं साइनबोर्ड को ढकने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी, जिससे धार्मिक भावनाओं का सम्मान बना रहे।
सड़क, बिजली और सुरक्षा व्यवस्था पर उठे अहम मुद्दे
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल (मिश्रा गुट) के जिलाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कांवड़ मार्गों पर पड़े गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की। उन्होंने गांधी मूर्ति से गंगा दरवाजा चौराहे तक दुकानदारों से अतिक्रमण न करने की अपील कराने तथा कांवड़ यात्रा में चलने वाले डीजे वाहनों की ऊंचाई आठ फीट तक सीमित रखने का सुझाव दिया।
भाजपा के प्रदेश सह-संयोजक (सदस्यता अभियान) दिनेश चंद्र गुप्ता ने कायमगंज रोड स्थित कम्पिल तिराहा एवं नगला पड़ाव पर पुलिस पिकेट स्थापित करने और नगर की क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग रखी।
झुके बिजली के पोल और आवारा गोवंश हटाने की मांग
बैठक में मोहल्ला रामप्रसाद चौधरी में झुके हुए बिजली के पोल को बदलने का मुद्दा उठाया गया। सामाजिक कार्यकर्ता सूर्यकांत ने डाक कांवड़ की तेज गति को देखते हुए यात्रा मार्ग से निराश्रित गोवंश हटाने, हत्सारी रोड के गड्ढों की मरम्मत तथा गंगा दरवाजा चौराहे पर नीचे लटके बिजली के तारों और झुके हुए पोल को तत्काल ठीक कराने की मांग की।
सहयोग की अपील
बैठक के अंत में प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

Leave a Reply