एटा। आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक एटा श्वेताभ पाण्डेय ने शुक्रवार को थाना बागवाला क्षेत्र के परसौन शिव मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ क्षेत्राधिकारी नगर कीर्तिका सिंह भी मौजूद रहीं।
निरीक्षण के दौरान एएसपी ने मंदिर परिसर, श्रद्धालुओं के आने-जाने के मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था तथा कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए की गई पुलिस तैयारियों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एएसपी ने मंदिर समिति से श्रावण मास में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वयंसेवकों (वॉलंटियर्स) का समूह बनाकर उनकी तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था का प्रभावी संचालन, नियमित पेट्रोलिंग तथा संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुचारु व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि यात्रा बिना किसी बाधा के सकुशल संपन्न हो सके।

Leave a Reply