एटा। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और प्रमुख मार्गों पर लागू डायवर्जन व्यवस्था को देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। एक ओर एटा पुलिस ने 31 जुलाई से चार चरणों में विशेष यातायात डायवर्जन प्लान लागू किया है, वहीं दूसरी ओर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने प्रत्येक सोमवार को कक्षा 1 से 8 तक संचालित सभी बोर्डों के विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुपमा अवस्थी द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, जिलाधिकारी की अनुमति के क्रम में श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार को जनपद के कक्षा 1 से 8 तक संचालित राजकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त विद्यालय बंद रहेंगे। हालांकि विद्यालय स्टाफ को विद्यालय में उपस्थित रहकर शासन एवं विभाग की महत्वपूर्ण ऑनलाइन और प्रशासनिक गतिविधियां, जैसे ई-कवच पोर्टल पर नोटिफिकेशन अपलोड, इंस्पायर अवॉर्ड आवेदन, यू-डायस अपडेट, प्रशिक्षण आदि कार्य संपादित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उधर, कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए एटा पुलिस ने विस्तृत यातायात डायवर्जन योजना लागू की है। यह व्यवस्था पहले चरण में 31 जुलाई (शुक्रवार) शाम 8 बजे से 3 अगस्त (सोमवार) शाम 6 बजे तक प्रभावी रहेगी। इसके बाद 7 से 11 अगस्त, 14 से 17 अगस्त तथा 21 से 24 अगस्त तक भी यही डायवर्जन लागू रहेगा।

पुलिस के अनुसार सोरों घाट (कासगंज) से गंगाजल लेकर बड़ी संख्या में कांवड़िए एटा होकर विभिन्न शिवालयों की ओर जाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए भारी वाहनों, रोडवेज बसों और सामान्य यातायात के लिए अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

डायवर्जन के दौरान अलीगढ़, पिलुआ, मैनपुरी, कासगंज, फिरोजाबाद और बदायूं-बरेली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को एटा शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा। उन्हें एटा बाईपास, मलावन, कुरावली, घिरोर, शिकोहाबाद तथा कादरगंज जैसे वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। आवश्यक वस्तुओं से जुड़े वाहनों के लिए भी अलग रूट निर्धारित किए गए हैं।

कांवड़ मेले के दौरान शुक्रवार से सोमवार तक रोडवेज बसों के संचालन में भी बदलाव रहेगा। अलीगढ़, पिलुआ, मैनपुरी, गंजडुंडवारा, अलीगंज और अमापुर मार्ग की बसों को शहर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा तथा उनका संचालन बाईपास मार्ग से कराया जाएगा।

इसके अलावा श्रावण मास के प्रत्येक शनिवार, रविवार और सोमवार को एटा शहर में चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। अन्य दिनों में जीटी रोड पर हल्के वाहनों का संचालन वन-वे व्यवस्था के तहत किया जाएगा।

जिला प्रशासन और पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले डायवर्जन प्लान की जानकारी अवश्य लें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।