श्रवण गंगा सेवा समिति ने दिल्ली से बुक कराया हेलीकॉप्टर, सूर्य प्रताप सिंह ‘सूरज’ के नेतृत्व में हुआ आयोजन; भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता भी रहे मौजूद

एटा। श्रावण मास में गंगाजल लेकर भगवान शिव के धाम की ओर बढ़ रहे कांवड़ियों के स्वागत और सम्मान में एटा जनपद के अवागढ़ क्षेत्र में रविवार को हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। आसमान से बरसते फूलों को देखकर कांवड़ियों के साथ-साथ सड़क किनारे मौजूद श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में भी उत्साह दिखाई दिया।

अवागढ़ थाना क्षेत्र के गांव लालपुर में आयोजित कार्यक्रम में श्रवण गंगा सेवा समिति के सचिव सूर्य प्रताप सिंह ‘सूरज’ के नेतृत्व में कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से फूल बरसाए गए। समिति की ओर से कांवड़ियों के स्वागत के लिए हेलीकॉप्टर दिल्ली से बुक कराया गया था।

हेलीकॉप्टर ने हाथरस जनपद के सिकंदराराऊ-कासगंज मार्ग से होते हुए एटा के अवागढ़ क्षेत्र में प्रवेश किया और विभिन्न कांवड़ मार्गों पर गुजर रहे शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा की। इसके बाद हेलीकॉप्टर ने लालपुर गांव में बनाए गए हेलीपैड पर लैंड किया। हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा होते ही पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता भी मौजूद रहे। उन्होंने सूर्य प्रताप सिंह ‘सूरज’ के साथ जेसीबी पर खड़े होकर कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु भी मौजूद रहे।

श्रवण गंगा सेवा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि समिति की भगवान शिव में गहरी आस्था है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से प्रेरित होकर समिति ने कांवड़ियों के सम्मान और स्वागत के लिए हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कराने का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी इस तरह के आयोजन की इच्छा थी, लेकिन इस बार यह आयोजन साकार हो सका।

समिति के अनुसार एटा, फिरोजाबाद और आगरा के विभिन्न कांवड़ मार्गों पर भी कांवड़ियों के ऊपर पुष्पवर्षा की गई। फिरोजाबाद के टूंडला और आगरा के मनकामेश्वर मंदिर क्षेत्र में भी शिवभक्तों पर हेलीकॉप्टर से फूल बरसाए गए।

बारिश के मौसम के बीच हेलीकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा का दृश्य श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि भगवान भोलेनाथ की कृपा से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन का उद्देश्य कांवड़ियों का उत्साह बढ़ाने के साथ उनकी शिवभक्ति और यात्रा के प्रति सम्मान व्यक्त करना रहा।