
एटा। थाना जसरथपुर क्षेत्र के ग्राम तौसईया में शनिवार शाम कथित तौर पर गलत इंजेक्शन लगने के बाद 32 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने गांव के ही एक झोलाछाप डॉक्टर पर गलत उपचार करने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एटा भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तौसईया निवासी रजनीश पुत्र ब्रह्मपाल सिंह को पिछले दो दिनों से बुखार आ रहा था। शनिवार शाम वह उपचार के लिए गांव में ही डॉक्टर गिरीश के पास पहुंचा। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने रजनीश को इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगने के कुछ ही देर बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
मृतक के भाई बृजेश ने आरोप लगाया कि रजनीश को केवल हल्का बुखार था और वह दवा लेने डॉक्टर के पास गया था। उपचार के दौरान इंजेक्शन लगाए जाने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे आनन-फानन में सीएचसी अलीगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एटा भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
Leave a Reply