
एटा। थाना जैथरा क्षेत्र के ग्राम ललहट में शनिवार को कक्षा 11 की 16 वर्षीय छात्रा ने कथित रूप से फांसी लगाकर जान दे दी। मृतका की पहचान मोहनी पुत्री शैलेंद्र निवासी ललहट के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि छात्रा पिछले कुछ समय से परिजनों की कथित मारपीट से परेशान थी। ग्रामीणों के अनुसार, मारपीट से आहत होकर छात्रा ने कमरे के बाहर जीने के पास लिंटर की सरिया में साड़ी के टुकड़े से फांसी लगा ली। सूचना मिलने पर पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान कमरे में लकड़ी के टूटे हुए टुकड़े भी मिलने की बात सामने आई है।
महिलाओं की ओर से पुलिस को दी गई जानकारी में छात्रा के चाचा वीरेंद्र पर मारपीट करने का आरोप लगाए जाने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस ने अभी आरोपों की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
मृतका के पिता शैलेंद्र ने बताया कि उनकी बेटी शास्त्री इंटर कॉलेज में कक्षा 11 की छात्रा थी। घटना के समय वह अपने स्कूल में पढ़ाने गए थे, जबकि छात्रा की मां भी गांव स्थित स्कूल गई हुई थी। इसी दौरान घर पर छात्रा द्वारा फांसी लगाने की घटना सामने आई।
सूचना पर पहुंची जैथरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एटा भेज दिया। थाना प्रभारी जैथरा सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply