एटा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जी. ने शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित सम्मेलन कक्ष में पुलिस पेंशनर्स के साथ गोष्ठी आयोजित कर उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पेंशनर्स की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।

गोष्ठी का उद्देश्य सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों के कल्याण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करना, उनकी समस्याओं का समाधान करना तथा उनके लंबे अनुभवों का लाभ पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में लेना था।

एसएसपी डॉ. इलामारन ने कहा कि सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों की सेवाएं विभाग और समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगी। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन अपने पेंशनर्स के सम्मान और उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए पूरी तरह संवेदनशील है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिसिंग को बेहतर बनाने के लिए उनके अनुभव और सुझाव महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं, जिन्हें व्यवहार में लाने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में उपस्थित पुलिस पेंशनर्स ने पेंशन संबंधी मामलों, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े सुझाव और समस्याएं साझा कीं। एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को इन मुद्दों पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

गोष्ठी सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने जिला पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए नियमित रूप से इस तरह के संवाद आयोजित किए जाने की अपेक्षा जताई।