
एटा। पवित्र कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने शनिवार को थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने महाराणा प्रताप चौक, गुरुकुल तिराहा तथा हाईवे अंडरपास सहित प्रमुख कांवड़ मार्गों का भ्रमण किया। उन्होंने रूट डायवर्जन, बैरिकेडिंग, संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था तथा मार्ग पर लगाए गए चेतावनी एवं सांकेतिक बोर्डों का गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न होने पाए।

इसके बाद एसएसपी गिरौरा स्थित मरकुटिया मंदिर पहुंचे, जहां विश्राम कर रहे कांवड़ियों से आत्मीय संवाद कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने श्रद्धालुओं को भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा और सुविधा के लिए एटा पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है।
एसएसपी ने पुलिस सहायता केंद्रों, मेडिकल बूथों, शिविरों और भंडारों का भी निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं को हर संभव सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाए और किसी भी शिकायत का त्वरित निस्तारण किया जाए।
निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए एसएसपी डॉ. इलामारन ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सभी पुलिसकर्मी सतर्कता, संवेदनशीलता और अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहे।
उन्होंने कहा कि जनपद एटा पुलिस कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए निरंतर निगरानी और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रही है।

Leave a Reply