ट्रैफिक, सुरक्षा, सोशल मीडिया निगरानी और त्वरित कार्रवाई पर दिया विशेष जोर

एटा। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा एवं आगामी त्योहारों को सकुशल, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) आगरा जोन एस.के. भगत ने जनपद के पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, कानून व्यवस्था तथा सोशल मीडिया निगरानी को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इला मारन, पुलिस अधीक्षक नगर श्वेताभ पांडेय, अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) योगेंद्र सिंह सहित सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी एवं शाखा प्रभारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा के सुरक्षित संचालन के लिए ट्रैफिक व्यवस्था, रूट डायवर्जन और सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की।

एडीजी एस.के. भगत ने निर्देश दिए कि पूर्व वर्षों में हुई दुर्घटनाओं को देखते हुए कांवड़ मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रखा जाए तथा आवश्यकतानुसार ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाए। कांवड़ियों के लिए एकल मार्ग व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, पुलिस सहायता शिविर, स्वास्थ्य शिविर एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रभावी ढंग से संचालित की जाएं।

उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को आयोजकों, शिविर संचालकों और भंडारा प्रबंधकों के साथ बैठक कर बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही कांवड़ मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, वाहनों की पार्किंग, ट्रैफिक डायवर्जन प्वाइंट, होल्डिंग एरिया और धार्मिक स्थलों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में होटल, धर्मशालाओं, सराय और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए। थाना क्षेत्रों से गुजरने वाले कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए लगातार पुलिस पेट्रोलिंग कराने तथा पीआरवी-112 वाहनों के रूट आवश्यकता अनुसार परिवर्तित करने पर भी जोर दिया गया।

आगामी कांवड़ यात्रा, रक्षाबंधन, स्वतंत्रता दिवस एवं बारह वफात को देखते हुए सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में धर्मगुरुओं एवं संभ्रांत नागरिकों के साथ पीस कमेटी की बैठकें आयोजित कर आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही अराजक तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई करने तथा छोटी से छोटी घटना पर भी गंभीरता से कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

एडीजी ने निर्देश दिए कि सभी थाना क्षेत्रों में पुलिसकर्मी मोटरसाइकिल एवं थाना मोबाइल के साथ लगातार गश्त करें। यूपी-112 पर प्राप्त प्रत्येक सूचना का पीआरवी वाहन तत्काल मौके पर पहुंचकर समयबद्ध निस्तारण करें। सभी पुलिस वाहनों पर लगे लाउड हेलर एवं पब्लिक एड्रेस सिस्टम का उपयोग कर आमजन से त्योहारों को शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की जाए।

बैठक में सोशल मीडिया निगरानी को भी प्राथमिकता दी गई। एडीजी ने निर्देश दिए कि सोशल मीडिया सेल सभी प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखे। किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट मिलने पर तत्काल उसका खंडन किया जाए तथा संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।