एटा। शहर के व्यस्ततम मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और आमजन को जाम की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से बुधवार को प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने व्यापक अतिक्रमण मुक्त अभियान चलाया। अभियान के दौरान ऋषि मार्केट से माया पैलेस तक सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटवाया गया।

अभियान के दौरान भारी पुलिस बल की मौजूदगी में सड़क किनारे तिरपाल, बांस और अन्य अस्थायी ढांचे लगाकर दुकान संचालित कर रहे अतिक्रमणकारियों को हटाया गया। अधिकारियों ने सड़क पर किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटवाते हुए संबंधित लोगों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी भी दी।

प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण के कारण शहर के इस व्यस्त मार्ग पर आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही थी, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। अभियान के बाद मार्ग को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया गया, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु हो सकी।

इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर कीर्तिका सिंह, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) नवनिहाल सहित नगर पालिका की टीम और भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और सार्वजनिक मार्गों पर अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।