एटा। जनपद एटा में कांवड़ यात्रा के दौरान रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोतवाली देहात क्षेत्र में हाईवे पर कांवड़ियों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में सात कांवड़िए घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर होने पर उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

जानकारी के अनुसार, मैनपुरी जिले के थाना कुरावली क्षेत्र के गांव किशनपुर के 15 से 20 कांवड़िए ट्रैक्टर-ट्रॉली से सोरों गंगा घाट से जल लेने जा रहे थे। एटा के कोतवाली देहात क्षेत्र स्थित हाईवे पर पहुंचते ही पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर में सवार कांवड़िए इधर-उधर गिर पड़े और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग राहत कार्य में जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। घायलों की पहचान रागिनी, निशा, गीतम, सत्यपाल, रघुवीर, संध्या और मुस्कान के रूप में हुई है। सभी घायल मैनपुरी जिले के गांव किशनपुर के निवासी बताए गए हैं।

जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने सत्यपाल की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर और ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने सामान्य कराया। कांवड़ यात्रा के दौरान हुए इस हादसे से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा।