बिना फिटनेस दौड़ रही स्कूल मैजिक, बिना परमिट स्कूल बस और अनधिकृत स्लीपर बस पर कार्रवाई
एटा। सड़कों पर नियमों की अनदेखी कर संचालित हो रहे वाहनों के खिलाफ बुधवार को परिवहन विभाग ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। एआरटीओ अलीगंज शिवम कुमार के नेतृत्व में कायमगंज रोड, एटा रोड और मैनपुरी रोड पर वाहनों की जांच की गई। अभियान के दौरान बिना फिटनेस संचालित स्कूल मैजिक, बिना परमिट स्कूल बस और अनधिकृत रूप से संचालित स्लीपर बस पकड़ी गई। तीनों वाहनों को सीज कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान एक लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया।
परिवहन विभाग की टीम ने चेकिंग के दौरान वाहनों को रोककर फिटनेस, परमिट समेत अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की। स्कूल वाहनों की फिटनेस और परमिट पर विशेष निगरानी रखी गई। जांच में एक स्कूल मैजिक बिना वैध फिटनेस के संचालित मिली। अधिकारियों ने नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर उसे सीज कर दिया।
इसके बाद एक स्कूल बस की जांच की गई। बस के पास वैध परमिट नहीं मिला। इस पर परिवहन विभाग ने बस को भी सीज कर दिया। वहीं चेकिंग के दौरान एक स्लीपर बस भी पकड़ी गई, जिसका संचालन अनधिकृत तरीके से किया जा रहा था। अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे भी सीज कर दिया।
तीन वाहनों को सीज करने के साथ विभाग की ओर से एक लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया। तीनों प्रमुख मार्गों पर एक साथ चेकिंग होने से वाहन चालकों में खलबली मची रही। टीम ने कई वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों की जांच की और नियमों का पालन करने की हिदायत दी।
एआरटीओ शिवम कुमार ने कहा कि बिना फिटनेस, बिना परमिट अथवा अनधिकृत तरीके से किसी भी वाहन का संचालन नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने वाहन संचालकों से अपने वाहनों की फिटनेस और परमिट की वैधता समय से सुनिश्चित करने तथा सभी जरूरी दस्तावेज पूरे रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन वाहन चालकों के साथ यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है।
Leave a Reply