बिना फिटनेस-परमिट बच्चों को ढो रहे थे स्कूली वाहन, मौरंग से लदा ट्रक भी ओवरलोड मिला

एटा। बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने मंगलवार को अलीगंज क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान बिना फिटनेस और परमिट के बच्चों को ढो रहे तीन स्कूली वाहन पकड़े गए। वहीं, मौरंग से लदा एक ट्रक भी निर्धारित क्षमता से अधिक माल ले जाते मिला। परिवहन विभाग की टीम ने चारों वाहनों को सीज कर अलीगंज थाने में खड़ा करा दिया। विभिन्न प्रवर्तन कार्रवाइयों में करीब डेढ़ लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।

परिवहन विभाग की टीम ने मिशन सेफ फ्यूचर 2.0 के तहत स्कूली वाहनों की जांच की। इस दौरान तीन वाहन ऐसे मिले, जिनके संचालन में जरूरी दस्तावेज और मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। जांच में फिटनेस और परमिट से संबंधित अनियमितताएं सामने आने पर टीम ने तीनों वाहनों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें सीज कर दिया।

थाने में खड़े कराए गए स्कूली वाहन

कार्रवाई के बाद तीनों स्कूली वाहनों को अलीगंज थाने में खड़ा कराया गया। बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों के खिलाफ हुई कार्रवाई की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के स्कूल वाहन संचालकों में खलबली मच गई। परिवहन विभाग ने संचालकों को वाहन के सभी जरूरी दस्तावेज और सुरक्षा मानक दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।

मौरंग से लदा ट्रक भी मिला ओवरलोड

स्कूली वाहनों की जांच के साथ परिवहन विभाग की टीम ने मालवाहक वाहनों की भी चेकिंग की। इसी दौरान मौरंग से लदा एक ट्रक निर्धारित क्षमता से अधिक माल लेकर जाता मिला। जांच में ओवरलोड पाए जाने पर ट्रक को भी सीज कर दिया गया। कार्रवाई के बाद ट्रक को भी अलीगंज थाने में खड़ा कराया गया।

बच्चों की सुरक्षा से समझौता नहीं : एआरटीओ

एआरटीओ शिवम कुमार ने बताया कि मिशन सेफ फ्यूचर 2.0 के तहत स्कूली वाहनों की लगातार जांच की जा रही है। बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। बिना फिटनेस, बिना परमिट अथवा निर्धारित सुरक्षा मानकों के विपरीत संचालित होने वाले स्कूल वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि मंगलवार को चलाए गए अभियान में विभिन्न प्रवर्तन कार्रवाइयों के तहत कुल डेढ़ लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। उन्होंने स्कूल वाहन संचालकों से फिटनेस, परमिट सहित सभी आवश्यक दस्तावेज पूरे रखने और वाहनों को निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप संचालित करने की अपील की।

एआरटीओ ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परिवहन विभाग की टीमें आगे भी अलीगंज क्षेत्र के अलग-अलग मार्गों पर लगातार चेकिंग अभियान चलाएंगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सीज करने के साथ जुर्माने की कार्रवाई भी जारी रहेगी।