एचपीवी टीकाकरण, आभा आईडी, आयुष्मान कार्ड और न्यू इवेंट पोर्टल के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

एटा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज के सभागार में शुक्रवार को आशा कार्यकर्ताओं की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीपीएम दिव्यांशी भदौरिया ने की। इसमें क्षेत्र में आशा कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे स्वास्थ्य संबंधी कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में एचपीवी टीकाकरण, न्यू इवेंट पोर्टल, आभा आईडी, आयुष्मान कार्ड और नियमित टीकाकरण समेत विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। आशाओं को पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और संबंधित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही विभागीय ऑनलाइन बैठकों में समय से प्रतिभाग करने और निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।

कम संस्थागत प्रसव वाले क्षेत्रों पर विशेष फोकस

बैठक में संस्थागत प्रसव को लेकर विशेष जोर दिया गया। समीक्षा के दौरान जिन आशा कार्यकर्ताओं के क्षेत्रों में संस्थागत प्रसव निर्धारित लक्ष्य से कम पाए गए, उन्हें लक्ष्य के अनुरूप प्रगति करने के निर्देश दिए गए।

आशाओं से कहा गया कि वे गर्भवती महिलाओं के साथ लगातार संपर्क बनाए रखें। गर्भावस्था के दौरान जरूरी स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी देने के साथ ही महिलाओं और उनके परिजनों को सुरक्षित प्रसव के लिए स्वास्थ्य केंद्र अथवा अस्पताल में संस्थागत प्रसव कराने के लिए प्रेरित करें।

गर्भवती महिलाओं की समय से करें पहचान

सीएचसी अलीगंज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सर्वेश कुमार ने बताया कि आशा कार्यकर्ताओं के कार्यों की मासिक समीक्षा के लिए बैठक आयोजित की गई थी। इसमें विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी ली गई। जिन क्षेत्रों में संस्थागत प्रसव की संख्या कम मिली है, वहां निर्धारित लक्ष्य के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं को गर्भवती महिलाओं की समय से पहचान, उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने और सुरक्षित संस्थागत प्रसव के लिए प्रेरित करने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।

स्वास्थ्य योजनाओं को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश

डॉ. सर्वेश कुमार ने बताया कि एचपीवी वैक्सीनेशन, नियमित टीकाकरण, आभा आईडी, आयुष्मान कार्ड और न्यू इवेंट पोर्टल से संबंधित कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

बीपीएम दिव्यांशी भदौरिया ने आशा कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने को कहा। बैठक में ऑनलाइन माध्यम से होने वाली विभागीय बैठकों में समय से प्रतिभाग करने को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए।