अवागढ़ (एटा)। कस्बे में सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे एक महिला टप्पेबाजी का शिकार हो गई। अज्ञात बदमाश ने खुद को रिश्तेदार बताकर महिला को बातों में उलझाया और उनके कानों से कुंडल उतरवाकर फरार हो गया। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार, अभयराजपुर गांव निवासी गिरिजा देवी, पत्नी स्वर्गीय जगदीश, घरेलू सामान खरीदने के लिए अवागढ़ बाजार आई थीं। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें अपने झांसे में ले लिया। आरोपी महिला को रोडवेज तिराहा स्थित पूर्व चेयरमैन राजेंद्र सिंह चौहान की गली में ले गया और खुद को उनका रिश्तेदार बताते हुए विश्वास में ले लिया। इसके बाद उसने बातों में उलझाकर महिला से कानों के कुंडल उतरवा लिए और उन्हें लेकर मौके से फरार हो गया।

कुछ देर बाद जब महिला को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ तो उन्होंने परिजनों को सूचना दी। परिजन उन्हें लेकर थाने पहुंचे और अज्ञात टप्पेबाज के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, जिनमें आरोपी की गतिविधियां कैद होने की बात सामने आई है।

गौरतलब है कि इससे दो दिन पहले भी अवागढ़ क्षेत्र में फिरोजाबाद की एक महिला, जो ग्राम वसुंधरा से रिश्तेदारी से लौट रही थी, का पर्स काटकर हजारों रुपये की नकदी पार कर दी गई थी। लगातार हो रही टप्पेबाजी और चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की निष्क्रियता के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।