
18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं के नाम फॉर्म-6 से जुड़ेंगे, डबल प्रविष्टियों और स्थान बदल चुके मतदाताओं का होगा सत्यापन
एटा। अलीगंज विधानसभा क्षेत्र संख्या-103 की मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार को नवीन तहसील अलीगंज के सभागार में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) डॉ. शशि शेखर ने की।
बैठक में ईआरओ ने बीएलओ को अपने-अपने मतदान केंद्र क्षेत्रों में मतदाता सूची का बारीकी से सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि न रहे और प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो, इसके लिए बीएलओ क्षेत्र में सक्रियता के साथ कार्य करें।
नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने पर जोर
बैठक में विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि ऐसे पात्र युवा, जिनके नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं, उनके नाम नियमानुसार फॉर्म-6 के माध्यम से सूची में शामिल कराए जाएं। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदान के अधिकार से वंचित न रह जाए।
महिला मतदाताओं की भी होगी समीक्षा
मतदाता सूची के सत्यापन के दौरान महिला मतदाताओं की संख्या तथा पुरुष-महिला मतदाता अनुपात (जेंडर रेशियो) की भी समीक्षा की जाएगी। बीएलओ को निर्देश दिए गए कि अपने क्षेत्र में महिला मतदाताओं से संबंधित प्रविष्टियों का भी विशेष रूप से परीक्षण करें।
डबल वोटर और स्थान बदल चुके मतदाताओं की होगी जांच
मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए ऐसे मतदाताओं की भी पहचान और जांच की जाएगी, जिनके नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज हैं। डबल प्रविष्टियों का सत्यापन करने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा ऐसे मतदाताओं की प्रविष्टियों का भी सत्यापन होगा, जिन्होंने अपना निवास स्थान बदल लिया है, ताकि मतदाता सूची में अनावश्यक अथवा गलत प्रविष्टियां न रहें।
बैठक में एईआरओ/एबीएसए जैथरा मुकेश कुमार, एईआरओ/एबीएसए अलीगंज विनोद कुमार, नायब तहसीलदार/एईआरओ हिमांशु पांडे, नायब तहसीलदार वरुण कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बीएलओ को निर्वाचन संबंधी कार्यों में पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
Leave a Reply