डायल 112 की सूचना पर पहुंची पुलिस ने अस्पताल में कराया भर्ती

एटा। एटा की अलीगंज थाना क्षेत्र में अलीगंज-मैनपुरी रोड किनारे एक महिला बेहोशी हालत मिली है। पुलिस सूत्रों ने बताया महिला का गांव के युवक से संबंध थे, इस पर नाराज पुत्री और पुत्रवधू ने महिला के साथ मारपीट कर दी थी। हालांकि महिला को गंभीर हालत में हायर सेंटर रैफर कर दिया गया है। यूपी-112 पर मारपीट और कुंडल छीनने की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज में भर्ती कराया। पुलिस महिला और युवक के प्रेमसंबंधों के एंगल पर जांच

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला का एक करीब 50 वर्षीय व्यक्ति के घर आना-जाना था। संबंधित व्यक्ति की पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इसी बात को लेकर व्यक्ति की पुत्री और पुत्रवधू द्वारा महिला के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। घटना के दौरान महिला के कुंडल छीनने का भी आरोप लगाया गया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।

महिला अभी भी बेहोशी की अवस्था में है, जिसके कारण उसके बयान दर्ज नहीं किए जा सके हैं। पुलिस का कहना है कि महिला के होश में आने के बाद उसके बयान के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

प्रभारी निरीक्षक रूपेश वर्मा ने बताया कि महिला अलीगंज-मैनपुरी रोड स्थित एक गांव के बाहर सड़क किनारे बेहोशी की हालत में मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने उसे सीएचसी अलीगंज पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उन्होंने कहा कि महिला फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।