
एटा। विधानसभा क्षेत्र अलीगंज में ग्रामीण क्षेत्रों की सड़क संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। त्वरित आर्थिक विकास योजना (वित्तीय वर्ष 2025-26) के अंतर्गत करीब 78 लाख रुपये की लागत से बनने वाले दो संपर्क मार्गों का क्षेत्रीय विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने विधिवत भूमि पूजन एवं पूजा-अर्चना कर शिलान्यास किया।
सबसे पहले विधायक ने जैथरा–कुरावली मार्ग से ग्राम भवकरिया तक बनने वाले 450 मीटर लंबे संपर्क मार्ग का शुभारंभ किया। इस सड़क के निर्माण पर 38.53 लाख रुपये की लागत आएगी। इसके बाद उन्होंने ग्राम लखनपुरा मार्ग से नगला चौहान तक 450 मीटर लंबे दूसरे संपर्क मार्ग का शिलान्यास किया, जिसका निर्माण 39.47 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और सड़क संपर्क को सुदृढ़ करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इन संपर्क मार्गों के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, किसानों को अपनी कृषि उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी और क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने अधिकारियों और संबंधित कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाए, ताकि आम जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।
शिलान्यास कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, क्षेत्रीय कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार हो रहे विकास कार्यों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए संपर्क मार्गों का निर्माण समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराने की मांग की।

Leave a Reply