एटा। त्योहारों के मद्देनजर जनपद में चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान थाना अलीगंज पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा। मुठभेड़ के दौरान उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की ओर भागने में सफल रहे। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त 2026 की रात करीब 8:50 बजे थाना अलीगंज पुलिस कंपिल मार्ग पर संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन व्यक्ति पुलिस टीम की ओर आते दिखाई दिए। पुलिसकर्मियों ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बाइक सवारों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी और कंपिल कस्बे की ओर भागने लगे।

पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान गांव मितौलिया के पास एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की तरफ भाग गए।

घायल बदमाश ने पूछताछ में अपना नाम लालू उर्फ लल्लू पुत्र बाबू, निवासी रमपुरा, थाना पासगवां, जनपद लखीमपुर खीरी बताया। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।

चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात कबूली

पुलिस के मुताबिक तलाशी के दौरान गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक बिना नंबर की स्प्लेंडर आई स्मार्ट मोटरसाइकिल, 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और 4,600 रुपये बरामद हुए।

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर थाना अलीगंज क्षेत्र के कस्बा अलीगंज में सुनार की दुकान में चोरी सहित अन्य चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। सुनार की दुकान में चोरी के मामले में थाना अलीगंज में मु0अ0सं0 199/26, धारा 305(क), 331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। साथ ही फरार दोनों आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

बरामद सामान

  • एक बिना नंबर की स्प्लेंडर आई स्मार्ट बाइक
  • एक अवैध तमंचा 315 बोर
  • दो जिंदा कारतूस 315 बोर
  • दो खोखा कारतूस 315 बोर
  • 4,600 रुपये नकद

कार्रवाई में थाना प्रभारी अलीगंज मय पुलिस टीम शामिल रही।