चोरी के जेवर, नकदी और बाइक बरामद; मुठभेड़ में एक आरोपी पहले ही पकड़ा जा चुका है

एटा। थाना अलीगंज पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दीवार और दुकान काटकर चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से करीब 650 ग्राम चांदी के आभूषण और 7,100 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। मामले में शामिल एक आरोपी को पुलिस पहले ही 27 अगस्त को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर चुकी है।

पुलिस के अनुसार, अलीगंज क्षेत्र में 8 अगस्त की रात चोरों ने एक घर की दीवार काटकर चोरी की थी। इस मामले में 9 अगस्त को मुकदमा संख्या 189/2026 दर्ज किया गया था। इसके बाद 10 अगस्त की रात भी चोरी की घटना हुई, जिसके संबंध में 11 अगस्त को मुकदमा संख्या 192/2026 दर्ज किया गया।

इसके अलावा 17/18 अगस्त की रात अलीगंज क्षेत्र स्थित एक सुनार की दुकान को चोरों ने निशाना बनाया था। दुकान काटकर हुई चोरी के संबंध में 18 अगस्त को मुकदमा संख्या 199/2026 दर्ज किया गया था। लगातार हुई चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस टीमों को आरोपियों की तलाश में लगाया गया था।

जांच के दौरान पुलिस ने कन्हैया पुत्र गौरीशंकर, निवासी लालपुर नई बस्ती, थाना कोतवाली कासगंज, गब्बर उर्फ हरिश्चन्द्र पुत्र कल्लू, निवासी कुईया मूठ मढ़ईया, थाना मऊ दरवाजा, फर्रुखाबाद तथा नितिन कुमार पुत्र गिरीश चन्द्र, निवासी मोहल्ला जयजयराम, सहावर गेट, थाना कोतवाली कासगंज को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से करीब 650 ग्राम चांदी के आभूषण और 7,100 रुपये नकद बरामद हुए हैं। इसके अलावा एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल तथा 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक बाइक और तमंचा-कारतूस पूर्व में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किए गए आरोपी लालू उर्फ लल्लू से बरामद हुए थे।

इस मामले में पुलिस ने चोरी के तीन मुकदमों के साथ ही धारा 109(1), 318(4) बीएनएस तथा आयुध अधिनियम की धाराओं में भी कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार घटनाओं में शामिल लालू उर्फ लल्लू पुत्र बाबू, निवासी रमपुरा, थाना पसगवां, लखीमपुर खीरी को 27 अगस्त को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया जा चुका है।

कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी अलीगंज के नेतृत्व में की गई। टीम में प्रभारी निरीक्षक रुपेश वर्मा, स्वाट प्रभारी उपनिरीक्षक एसके निगम और सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक सुशील लाम्बा सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।