जाजलपुर के पास हुआ हादसा, पति की हालत गंभीर; हायर सेंटर रेफर, पत्नी की हालत स्थिर
एटा। अलीगंज-एटा मार्ग पर जाजलपुर के पास मंगलवार को दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दंपती घायल हो गया। पति की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया, जबकि महिला की हालत उपचार के बाद स्थिर बताई गई है।
जानकारी के अनुसार धुमरी निवासी जगमोहन पुत्र नैनसुख लाल, उम्र करीब 42 वर्ष, अपनी पत्नी श्री देवी के साथ बाइक से अलीगंज की ओर से अपने घर धुमरी जा रहे थे। जाजलपुर के पास पहुंचते ही सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और दंपती घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने घटना की सूचना एंबुलेंस को दी। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस अधिकारी विमल प्रकाश और पायलट अंकित यादव ने घायल दंपती को तत्काल एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज पहुंचाकर भर्ती कराया।
एंबुलेंस अधिकारी विमल प्रकाश ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही एंबुलेंस को मौके पर भेजा गया। दोनों घायलों को समय से सीएचसी अलीगंज पहुंचाकर उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
सीएचसी अलीगंज में चिकित्सकों ने दोनों घायलों का उपचार किया। एमडी फिजिशियन एवं पब्लिक हेल्थ एक्सपर्ट डॉ. राहुल चतुर्वेदी ने बताया कि घायल दंपती को एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल लाया गया था। उपचार के बाद महिला श्री देवी की हालत स्थिर है, जबकि पति जगमोहन की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
हादसे की जानकारी मिलने पर घायल दंपती के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। घटना के बाद पुलिस ने भी मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
Leave a Reply