
दुकानों के बाहर अतिक्रमण, अवैध पार्किंग व ई-रिक्शों की मनमानी से बिगड़ रही यातायात व्यवस्था
अलीगंज। अलीगंज क्षेत्र के सबसे व्यस्त बाजार में गुरुवार को यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। गांधी मूर्ति चौराहे से लेकर मातादीन चौराहे तक करीब आधा किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इस दौरान मरीज को लेकर जा रही एक एंबुलेंस भी वाहनों की भीड़ में करीब आधे घंटे तक फंसी रही। सायरन लगातार बजता रहा, लेकिन सड़क पर इतनी भी जगह नहीं बची कि एंबुलेंस आगे निकल सके। मरीज के परिजन परेशान रहे, जबकि राहगीरों ने किसी तरह वाहनों को हटाकर एंबुलेंस को रास्ता दिलाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जाम की शुरुआत बाजार में सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण से हुई। कई दुकानदारों ने अपना सामान सड़क तक फैला रखा था, जबकि हाथ ठेले और फड़ सड़क के किनारे खड़े थे। इसके अलावा ई-रिक्शा और टेंपो चालक बीच सड़क पर ही सवारी बैठाने और उतारने लगे, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। नगर के मुख्य बाजार में रोजाना सुबह से शाम तक जाम की स्थिति बनी रहती है। कई बार स्कूली वाहन, एंबुलेंस और जरूरी कार्य से आने-जाने वाले लोग घंटों तक फंसे रहते हैं। बावजूद इसके अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों ने स्वयं मोर्चा संभाला। सड़क पर खड़े वाहनों को पीछे कराया, हाथ ठेले हटवाए और एंबुलेंस के लिए रास्ता बनवाया। इसके बाद एंबुलेंस जाम से बाहर निकल सकी। हालांकि उसके बाद भी काफी देर तक यातायात सामान्य नहीं हो पाया। नगरवासियों का कहना है कि यदि प्रशासन नियमित रूप से अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाए, बाजार में अवैध पार्किंग पर सख्ती करे और ई-रिक्शा व टेंपो के लिए अलग स्टैंड निर्धारित करे तो जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो किसी दिन यही जाम किसी मरीज की जान पर भी भारी पड़ सकता है।
मामले पर कोतवाली अलीगंज के प्रभारी निरीक्षक रुपेश वर्मा ने बताया मामला संज्ञान में आते ही कोबरा पुलिस को भेज कर जाम को खुलवाया गया था फिलहाल यातायात सुचारू है।
Leave a Reply