एटा। थाना जैथरा क्षेत्र के ग्राम अंगरैया स्थित ककोड़ा रोड पर संचालित सरताज होटल को शुक्रवार देर रात अज्ञात चोरों ने निशाना बना लिया। चोर होटल से इनवर्टर, बैटरी, गैस सिलेंडर, एलईडी टीवी सहित हजारों रुपये का सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना की जानकारी शनिवार सुबह होटल खुलने पर हुई, जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

होटल संचालक सरताज पुत्र सुजायत अली ने थाना जैथरा में दी गई तहरीर में बताया कि शुक्रवार रात रोज की तरह होटल बंद कर वह अपने घर चले गए थे। शनिवार सुबह जब वह होटल पहुंचे तो ताले और सामान की स्थिति देखकर चोरी की आशंका हुई। अंदर जाकर देखा तो होटल में रखा इनवर्टर, बैटरी, गैस सिलेंडर, एलईडी टीवी समेत अन्य आवश्यक सामान गायब था। अज्ञात चोर रात के अंधेरे का फायदा उठाकर हजारों रुपये का सामान चोरी कर ले गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। पीड़ित होटल संचालक ने पुलिस से चोरी गए सामान की बरामदगी तथा आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

मामले में थाना जैथरा प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।