
सुरक्षा, समन्वय और त्वरित रिस्पांस व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश, पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत की गई तैयारियों की कार्ययोजना
एटा। आगामी श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) आगरा जोन एस.के. भगत ने जनपद में की गई तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कांवड़ यात्रा के सुरक्षित, सुव्यवस्थित और निर्बाध संचालन को लेकर विभागवार व्यवस्थाओं का आकलन किया गया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी अरविंद सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इला मारन ने पिछले एक माह में कांवड़ यात्रा को लेकर किए गए व्यापक प्रबंधों का पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) के माध्यम से विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। इसमें कांवड़ मार्गों की तैयारियां, रूट डायवर्जन, ट्रैफिक प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, पीस कमेटी की बैठकें, सेक्टरवार ड्यूटी, कंट्रोल रूम संचालन तथा शासन के दिशा-निर्देशों के अनुपालन की जानकारी दी गई।
प्रस्तुतीकरण के बाद एडीजी एस.के. भगत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने-अपने लोकेशन प्वाइंट का नियमित निरीक्षण करें। पुलिस, विद्युत एवं स्वास्थ्य विभाग विशेष सतर्कता बरतें तथा मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी रखी जाए। उन्होंने डायल-112 वाहनों की लगातार पेट्रोलिंग और कांवड़ मार्गों पर प्राथमिक उपचार की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनपद में बनाए गए 5 जोन और 18 सेक्टरों के अनुसार प्रत्येक सेक्टर का अलग-अलग व्हाट्सएप ग्रुप सक्रिय रहे, जिससे अधिकारियों के बीच त्वरित सूचना आदान-प्रदान और बेहतर समन्वय बना रहे। थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र में आवश्यकता पड़ने पर क्रेन, जेसीबी और अन्य संसाधनों की उपलब्धता की अद्यतन जानकारी रखने तथा फायर टेंडरों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एडीजी ने यह भी निर्देशित किया कि प्रत्येक थाना प्रभारी अपने कांवड़ यात्रा मार्ग के ग्राम प्रधानों, सभासदों एवं अन्य प्रमुख नागरिकों के संपर्क नंबर उपलब्ध रखें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर स्थानीय सहयोग तुरंत मिल सके। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी निर्धारित टाइम जोन के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल एवं कर्मचारियों की ड्यूटी सुनिश्चित करें और किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना मिलते ही तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी अरविंद सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इला मारन ने एडीजी को भरोसा दिलाया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का पूर्ण पालन कराया जाएगा तथा कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस पूरी तत्परता से कार्य करेगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संगम लाल, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र, पुलिस अधीक्षक नगर श्वेता पांडेय, अपर पुलिस अधीक्षक योगेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद, सभी उप जिलाधिकारी, सभी क्षेत्राधिकारी तथा संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply