एटा। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द सिंह ने गुरुवार को निर्वाचन प्रक्रिया में प्रयुक्त इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित रख-रखाव के लिए स्थापित ईवीएम वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और वर्षा ऋतु के मद्देनजर जलभराव की संभावनाओं का गहन जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वेयरहाउस परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा बरसात के मौसम में किसी भी स्थान पर जलभराव न होने पाए। उन्होंने कहा कि वेयरहाउस के अंदर और बाहर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था हर समय सुचारु रहे तथा ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा से जुड़े भारत निर्वाचन आयोग के सभी निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत पालन किया जाए।

जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने कहा कि ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। वेयरहाउस के रख-रखाव, सुरक्षा और स्वच्छता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी व्यवस्थाएं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप हर समय सुनिश्चित रहनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संगम लाल सहित जिला निर्वाचन कार्यालय के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।