एटा। थाना नयागांव क्षेत्र के ग्राम अलीपुर में घर के सामने रखे खोखे और कुट्टी मशीन को हटाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। पीड़ित पक्ष ने पड़ोस के पांच लोगों पर मां-बेटी के साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने दोनों घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसकी सत्यता की जांच की जा रही है।

पीड़िता शाहिदा बेगम (40) पत्नी मोहम्मद नसीम निवासी ग्राम अलीपुर ने बताया कि वह अपनी बेटी के साथ घर पर रहती हैं, जबकि उनके पुत्र बाहर रहकर काम करते हैं। उनके घर के सामने एक खोखा रखा है, जिसमें कुट्टी मशीन रखी हुई है। उनका आरोप है कि पड़ोसी काफी समय से खोखा हटाने का दबाव बना रहे थे।

शाहिदा बेगम के अनुसार, बुधवार शाम करीब सात बजे जब उन्होंने खोखा हटाने से मना किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते मारपीट करने लगे। बीच-बचाव करने पहुंचीं उनकी मां साजिदा (65) पत्नी मोहम्मद मातीम के साथ भी मारपीट की गई। पीड़िता ने चांद मियां, अरमान मियां, अरबाज, किस्मत और जीशान को नामजद करते हुए कार्रवाई की मांग की है।

घटना के बाद दोनों महिलाएं थाना नयागांव पहुंचीं और लिखित तहरीर दी। पुलिस ने उन्हें चिकित्सीय परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज भेजा, जहां उनका मेडिकल कराया गया।

वीडियो की भी हो रही जांच

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज होती दिखाई और सुनाई दे रही है। एक युवक के हाथ में डंडा भी नजर आ रहा है। हालांकि, वीडियो कब का है और उसमें दिखाई दे रहे लोगों की भूमिका क्या है, इसकी पुष्टि अभी पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस का बयान

थाना नयागांव के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामूली बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है तथा वीडियो की भी जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।