मारहरा। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को मुहल्ला बस्ती स्थित माता मंगला काली मंदिर में धार्मिक आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। मंदिर में विधि-विधान से पूजन, हवन एवं गुरु वंदन के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें कस्बे सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुए धार्मिक अनुष्ठानों के बाद भंडारा प्रारंभ हुआ। प्रसाद वितरण के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। आयोजन समिति के सदस्यों ने पूरे अनुशासन के साथ श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित कराया और सभी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली।

आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम में विशाल सक्सेना, डा. शिवकुमार भारद्वाज, डा. सुबोध सक्सेना, विनोद जोशी, राजकुमार दिवाकर, सुनील वार्ष्णेय, रिपांशु वार्ष्णेय, अशोक यादव, नितीश गुप्ता, राजू, उमेश यादव सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।