
एटा। पशुपालकों को आत्मनिर्भर बनाने, स्वदेशी गौवंश के संरक्षण और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री स्वदेशी गो संवर्धन योजना के तहत मंगलवार को विकास भवन स्थित शताक्षी सभागार में ई-लॉटरी के माध्यम से 28 लाभार्थियों का चयन किया गया। चयन प्रक्रिया मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र की अध्यक्षता में पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न हुई।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरपी शर्मा ने बताया कि यह योजना नंद बाबा दुग्ध मिशन के अंतर्गत संचालित की जा रही है। योजना का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि करना, गोपालन को प्रोत्साहित करना और प्रदेश में स्वदेशी नस्ल की दुधारू गायों के संरक्षण को बढ़ावा देना है।
उन्होंने बताया कि योजना के लिए जनपद से कुल 119 पात्र आवेदकों ने आवेदन किया था। ई-लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से 14 पुरुष और 14 महिला सहित कुल 28 लाभार्थियों का चयन किया गया। चयनित लाभार्थियों को प्रदेश के बाहर से दो उच्च गुणवत्ता वाली स्वदेशी नस्ल की दुधारू गायें खरीदकर लानी होंगी। इन गायों की अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख रुपये तक होगी, जिस पर राज्य सरकार की ओर से 40 प्रतिशत अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वदेशी गो संवर्धन योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और पशुपालकों की आय बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्वदेशी गौवंश के संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान ई-लॉटरी की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई। चयनित लाभार्थियों को योजना की आगामी कार्यवाही, आवश्यक दस्तावेजों और अन्य औपचारिकताओं के संबंध में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी द्वारा जानकारी दी गई।

Leave a Reply