
एटा। जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने कलेक्ट्रेट संवर्ग के तीन कनिष्ठ सहायकों को शासनादेश के प्रावधानों के तहत समयबद्ध पदोन्नति प्रदान की है। पात्रता पूरी करने वाले तीनों कर्मचारियों को कनिष्ठ सहायक पद से वरिष्ठ सहायक के पद पर पदोन्नत किया गया है।
शासनादेश दिनांक 20 जनवरी 2014 के अनुसार कनिष्ठ सहायक पद पर पांच वर्ष की नियमित सेवा पूर्ण करने वाले लिपिक संवर्ग के कार्मिकों को वरिष्ठ सहायक पद पर पदोन्नति दिए जाने का प्रावधान है। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट एटा में कार्यरत उन कर्मचारियों की पदोन्नति की गई, जिन्होंने 1 जुलाई 2026 को निर्धारित सेवा अवधि पूरी कर ली थी।
पदोन्नति पाने वालों में अभिषेक कुमार, शिवानी वर्मा और पूजा शामिल हैं। तीनों कनिष्ठ सहायकों (ग्रेड पे ₹2000) को वरिष्ठ सहायक (ग्रेड पे ₹2800) के पद पर पदोन्नत किया गया है।
जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने कहा कि शासकीय सेवा में कार्यरत पात्र कार्मिकों को पदोन्नति, चयनित वेतनमान एवं अन्य सेवा संबंधी लाभ नियमानुसार और समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि सेवा संबंधी मामलों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं होगा।
डीएम ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि पात्र अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके वैधानिक अधिकार समय से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनपद में पारदर्शी, जवाबदेह और कर्मचारी हितैषी प्रशासनिक व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे कर्मचारियों का मनोबल बढ़े और सरकारी कार्यों में अधिक दक्षता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके।
Leave a Reply