
सकीट (एटा)। थाना क्षेत्र के ग्राम नगला हमीर में बिजली विभाग की लापरवाही एक परिवार पर भारी पड़ गई। सोमवार देर रात बिजली का तार टूटकर एक पालतू गाय पर गिर गया, जिससे करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से पशुपालक परिवार को करीब ₹50 हजार का आर्थिक नुकसान हुआ है।
ग्राम नगला हमीर निवासी वालिस्टर पुत्र राम सिंह ने बताया कि वह लंबे समय से पशुपालन कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। सोमवार रात रोज की तरह उनकी गाय सुरक्षित स्थान पर बंधी हुई थी। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन में अचानक स्पार्किंग हुई और तार टूटकर सीधे गाय के ऊपर गिर गया। करंट की चपेट में आने से गाय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
गाय स्वामी के अनुसार मृत गाय प्रतिदिन करीब 10 लीटर दूध देती थी, जिससे परिवार की आजीविका चलती थी। गाय की मौत से परिवार की आर्थिक स्थिति पर गंभीर असर पड़ा है और अब उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
घटना की सूचना पर सकीट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद गाय को दफन कराया। वहीं क्षेत्रीय लेखपाल और विद्युत विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने नुकसान का आकलन कर शासन की योजना के तहत आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
गाय स्वामी ने विद्युत विभाग से उचित मुआवजा दिलाने की मांग करते हुए कहा कि एकमात्र दूध देने वाली गाय के मर जाने से परिवार के सामने भरण-पोषण की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।
Leave a Reply