एटा। जनपद के जैथरा थाना क्षेत्र में कार और साइकिल की टक्कर के बाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक साइकिल सवार कार की खिड़की से लटका हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि कार सड़क पर आगे बढ़ती नजर आ रही है। बताया जा रहा है कि साइकिल सवार करीब 500 मीटर तक कार की खिड़की से लटका रहा।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार और साइकिल की टक्कर के बाद विवाद हो गया। इसी दौरान कार चालक वाहन लेकर आगे बढ़ने लगा, जबकि साइकिल सवार कार को रोकने के प्रयास में उसकी खिड़की पकड़कर लटक गया। राहगीरों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
थाना प्रभारी जैथरा सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि यह वीडियो शनिवार का बताया जा रहा है। उनके अनुसार, सड़क पर अचानक एक बच्ची आ जाने पर कार चालक ने उसे बचाने का प्रयास किया, इसी दौरान कार की साइकिल से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जिसके बाद साइकिल सवार कार को रोकने के लिए उसकी खिड़की पर लटक गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में कार का चालान कर दिया गया है। किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है तथा दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया है। फिलहाल पुलिस के अनुसार इस मामले में कोई विधिक कार्रवाई लंबित नहीं है।
Leave a Reply