कायमगंज रोड पर बर्मा पेट्रोल पंप के पास हादसा, उपचार के दौरान सीएचसी में तोड़ा दम; पुलिस जांच में जुटी

एटा। कोतवाली अलीगंज क्षेत्र में रविवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक किसान की मौत हो गई। कायमगंज रोड पर बर्मा पेट्रोल पंप के आगे टेंपो के सामने अचानक सांड आ जाने से चालक ने ब्रेक लगा दिए। पीछे से आ रही बाइक टेंपो में जा भिड़ी, जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। डायल-112 पुलिस घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज लेकर पहुंची, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना से परिवार में मातम छा गया।

पुलिस के अनुसार, रविवार करीब 12:30 बजे कायमगंज रोड स्थित बर्मा पेट्रोल पंप के आगे सड़क दुर्घटना की सूचना मिली। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सुरेश सिंह (38) पुत्र अमर सिंह, निवासी ग्राम कुकराया रतनपुर, थाना जैथरा, अपनी मोटरसाइकिल UP-82 AF-4316 से कायमगंज से एटा की ओर जा रहे थे। उनके आगे चल रहे टेंपो के सामने अचानक एक सांड आ गया, जिससे चालक ने तत्काल ब्रेक लगा दिए। पीछे से आ रही सुरेश सिंह की बाइक टेंपो में जा टकराई और वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सीएचसी अलीगंज पहुंचाया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सर्वेश कुमार ने बताया कि घायल की हालत बेहद गंभीर थी। चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई।

मृतक की पत्नी संतो ने बताया कि सुरेश घर से खेत जाने की बात कहकर निकले थे। बाद में उन्होंने फोन कर बताया कि वह अलीगंज में हैं और कुछ देर में घर लौट आएंगे। परिवार उनके लौटने का इंतजार कर रहा था, लेकिन थोड़ी देर बाद अस्पताल से उनकी मौत की सूचना मिली, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

सुरेश सिंह अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए हैं। बड़ा बेटा विक्रम (20 वर्ष) बाहर रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है, जबकि छोटा बेटा यश (12 वर्ष) जैथरा स्थित आराध्या पब्लिक स्कूल में कक्षा पांच का छात्र है। हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलते ही अलीगंज विधायक प्रतिनिधि जितेंद्र सिंह राठौर तथा सूरज सिंह राठौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढाढ़स बंधाया और हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।

प्रभारी निरीक्षक रूपेश वर्मा ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायल को अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच जारी है।