एटा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड का रविवार को मंडल राजा का रामपुर क्षेत्र में व्यापक स्तर पर आयोजन किया गया। मंडल के सभी 67 बूथों पर भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं समर्थकों ने सामूहिक रूप से प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री के विचारों और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

नगर पंचायत राजा का रामपुर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल प्रभारी अर्जुन सिंह कश्यप एवं भाजपा नेता अर्जुन सिंह राठौर ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना।

कार्यक्रम के उपरांत भाजपा नेता अर्जुन सिंह राठौर ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत कारगिल विजय दिवस के अवसर पर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों एवं वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की। प्रधानमंत्री ने कहा कि कारगिल के वीरों का अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा तथा राष्ट्र उनके प्रति हमेशा कृतज्ञ रहेगा।

उन्होंने कहा कि आज का भारत अपने वीर सैनिकों की गौरवगाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। इससे युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और देशसेवा की भावना मजबूत हो रही है। प्रधानमंत्री ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में आत्मनिर्भर भारत अभियान की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने स्वदेशी युद्धपोत आईएनएस महेंद्रगिरि का उदाहरण देते हुए कहा कि यह भारत की बढ़ती तकनीकी क्षमता और आत्मनिर्भर रक्षा उत्पादन का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज भारतीय रक्षा उपकरणों और तकनीकी समाधानों पर विश्व का भरोसा लगातार बढ़ रहा है, जो देश की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का प्रमाण है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश के युवाओं की प्रतिभा, नवाचार, मेहनत और समर्पण भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से प्रेरणादायक कार्यों से जुड़ने, सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करने तथा राष्ट्रहित के प्रत्येक अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सकारात्मक सोच, जनभागीदारी और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का संदेश देते हुए सभी देशवासियों से विकसित भारत के निर्माण में सहयोग देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प भी लिया। इस अवसर पर संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा हुई।

इस मौके पर रामानंद मिश्रा, प्रवीण भदौरिया, गजेंद्र सिंह, अखिलेश राठौर, महेश शाक्य, अर्जुन शाक्य, प्रेम बाल्मीकि, योगेश चौहान, यशपाल सिंह, अनुराग यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।