मारहरा (एटा)। मारहरा थाना क्षेत्र के मिरहची-मारहरा मार्ग स्थित हजारा नहर के पास बने प्राचीन शिव मंदिर में देर रात अज्ञात चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर का मुख्य ताला तोड़कर करीब 50 किलो वजन की तीन पीतल की घंटियां चोरी कर ले गए। घटना के बाद क्षेत्र के श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

शुक्रवार सुबह जब श्रद्धालु नियमित पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो घंटियां गायब देख उनके होश उड़ गए। मंदिर का ताला टूटा हुआ मिला और अंदर से तीनों घंटियां गायब थीं। सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और शिवभक्त मंदिर परिसर में जुट गए। लोगों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए इसे धार्मिक आस्था पर चोट बताया।

स्थानीय शिवभक्त राजपाल, वीरेंद्र सिंह और जयप्रकाश कश्यप सहित अन्य ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरी का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। उनका कहना है कि मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां हुई चोरी से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं।

घटना की सूचना मिलने पर मारहरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है तथा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।

मारहरा थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। अभी तक इस मामले में कोई औपचारिक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द घटना के खुलासे का प्रयास किया जा रहा है।