
एटा। बाल विकास परियोजना अलीगंज में पोषण ट्रैकर ऐप पर टेक होम राशन (टीएचआर) वितरण की फीडिंग में लगातार लापरवाही बरतने पर बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) कुसुमा देवी ने 10 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अंतिम चेतावनी जारी की है। निर्देश दिए गए हैं कि संबंधित कार्यकर्ता दो कार्य दिवस के भीतर टीएचआर वितरण की शत-प्रतिशत फीडिंग और फेस कैप्चरिंग का कार्य पूरा करें, अन्यथा उनके मानदेय पर रोक लगाने की संस्तुति की जाएगी।
सीडीपीओ कुसुमा देवी द्वारा जारी चेतावनी पत्र में कहा गया है कि परियोजना कार्यालय की ओर से संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को कई बार दूरभाष, व्हाट्सएप और अन्य माध्यमों से उनके दायित्वों के प्रति सचेत किया जा चुका है। इसके बावजूद पोषण ट्रैकर ऐप पर टेक होम राशन वितरण की फीडिंग समय पर नहीं की जा रही है।
विभागीय निर्देशों के अनुसार एनएफएसए के माध्यम से राशन प्राप्त होते ही उसका लाभार्थियों में वितरण कर पोषण ट्रैकर ऐप पर ई-केवाईसी और फेस कैप्चरिंग के जरिए तत्काल फीडिंग करना अनिवार्य है। लेकिन कई केंद्रों पर यह प्रक्रिया लंबित होने से विभागीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं और शासन की ऑनलाइन मॉनिटरिंग व्यवस्था पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। इसे विभागीय दायित्वों के प्रति गंभीर लापरवाही माना गया है।
इन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को जारी हुआ अंतिम नोटिस
- मोहल्ला कांशीराम उपकेंद्र – संध्या गुप्ता
- मोहल्ला मलियान (वार्ड-5) – रंजना दुबे
- गाड़िया जगन्नाथ – ऊषा देवी
- नगला रेवती – राधा देवी
- बंधा – किरण
- गड़ी ककोड़ा – शकुंतला
- नगला धनु – संजो देवी
- फुलकिया गंज – रीना देवी
- चमन नगरिया – प्रतीक्षा
- कैल्ठा – कमलेश
सीडीपीओ कुसुमा देवी ने स्पष्ट किया है कि यह अंतिम चेतावनी है। यदि निर्धारित दो कार्य दिवस के भीतर पोषण ट्रैकर ऐप पर टीएचआर वितरण की शत-प्रतिशत फीडिंग और फेस कैप्चरिंग पूरी नहीं की गई, तो संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय रोकने की संस्तुति उच्चाधिकारियों को भेज दी जाएगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित कार्यकर्ताओं की होगी।
उन्होंने सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को शासन के निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए समय सीमा के भीतर लंबित फीडिंग पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं, ताकि लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके और पोषण ट्रैकर ऐप पर शत-प्रतिशत डेटा अपडेट सुनिश्चित हो सके।
Leave a Reply