एटा। आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी अरविन्द सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अंतरविभागीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने स्पष्ट कहा कि कांवड़ यात्रा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय, सतर्कता और जवाबदेही के साथ कार्य करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में डीएम ने एआरएम रोडवेज को निर्देश दिए कि शुक्रवार सायंकाल से सोमवार सायंकाल तक रोडवेज बसों का अस्थायी संचालन जीटी रोड स्थित शहीद स्मारक से पहले ही रोक दिया जाए तथा निर्धारित रूट डायवर्जन योजना का कड़ाई से पालन कराया जाए। साथ ही भारी वाहनों का शहर में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रखा जाए, ताकि कांवड़ यात्रियों और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

विद्युत विभाग को यात्रा मार्ग पर लगे सभी बिजली के खंभों को सुरक्षित करने, इंसुलेटिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा करंट जैसी किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को सभी चिकित्सा शिविरों पर चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, आवश्यक दवाएं और एंबुलेंस उपलब्ध रखने के आदेश दिए गए।

लोक निर्माण विभाग को यात्रा मार्गों पर अवैध कटों को बैरिकेडिंग लगाकर बंद कराने, सड़क के गड्ढों की मरम्मत, पटरी दुरुस्त कराने और झाड़ियों की कटाई समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा प्रमुख पेट्रोल पंपों और बड़े ढाबों पर भारी वाहनों के लिए अस्थायी होल्डिंग स्टेशन एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

डीएम ने सभी उप जिलाधिकारियों, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों तथा खंड विकास अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने और किसी भी सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन ने पुलिस अधिकारियों को रूट चार्ट का कड़ाई से पालन कराने, नियमित गश्त बढ़ाने और संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक नहीं होनी चाहिए।

जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था और जनभावनाओं से जुड़ा महापर्व है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। सभी अधिकारी पूर्ण संवेदनशीलता और समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संगम लाल, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) लालता प्रसाद शाक्य, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडे, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद सहित सभी उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, खंड विकास अधिकारी, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।