एटा। पुलिस लाइंस एटा में गुरुवार को आगरा जोन की 18वीं अंतर्जनपदीय वॉलीबॉल क्लस्टर (वॉलीबॉल एवं सेपकटकरा) प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन ने फीता काटकर किया। तीन दिवसीय यह प्रतियोगिता 23 से 25 जुलाई 2026 तक आयोजित की जाएगी।

उद्घाटन अवसर पर एसएसपी डॉ. इलामारन ने सभी टीम कमांडरों से परिचय प्राप्त कर खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना बनाए रखने की शपथ दिलाते हुए कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेल अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं तथा कार्यक्षेत्र के तनाव को कम करने में भी सहायक होते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी निष्ठा, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की।

प्रतियोगिता में आगरा जोन के आठ जनपदों की पुलिस टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें आगरा, एटा, अलीगढ़, हाथरस, मथुरा, मैनपुरी, फिरोजाबाद और कासगंज शामिल हैं।

प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले में पुरुष वर्ग की वॉलीबॉल प्रतियोगिता में एटा ने कासगंज को 25-10 और 25-6 के सीधे सेटों में हराकर शानदार जीत दर्ज की। वहीं महिला वर्ग की सेपकटकरा प्रतियोगिता के उद्घाटन मैच में फिरोजाबाद ने कासगंज को 2-0 से पराजित किया।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी नगर कीर्तिका सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर संकल्पदीप कुशवाह, क्षेत्राधिकारी सकीट नीतीश गर्ग, क्षेत्राधिकारी यातायात अरुण कुमार सिंह, प्रतिसार निरीक्षक किशन लाल गौतम सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।